1- जेसीबी से उखाड़ फेंके चीड़ के पेड़

(बनेर हाइडल प्रोजेक्ट - Danik Jagran, Aug 07, 2008)

2- थीन बांध में जलस्तर बढ़ने से कूट गांव को खतरा

(थीन बांध के जलस्तर में बढ़ोतरी - Danik Jagran, Aug 08, 2008)


1- जेसीबी से उखाड़ फेंके चीड़ के पेड़

Source: http://misc1.jag.in2.yahoo.com/news/local/himachalpradesh/4_11_4702864.html
Aug 07, 01:21 am

नगरोटा बगवां एक तरफ सरकार जहां पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए घर-घर औषधीय पौधे बांट रही है, वहीं बनेर हाइडल प्रोजेक्ट पावर हाउस जिया में सरकार व हाईकोर्ट के आदेश को ठेंगा दिखाया जा रहा है। जिाया पावर हाउस के लिए बनाई गई सड़क को चौड़ा करने के नाम पर वर्षो पुराने चीड़ के हरे पेड़ों को जेसीबी से उखाड़ कर फेंका जा रहा है। पहाड़ी की कटिंग की आड़ में चीड़ हरे पेड़ों को भी जड़ से उखाड़ कर मलबे के साथ ही खड्ड में फेंका जा रहा है।

वहीं, सूचना मिलते ही जब 'दैनिक जागरण' की टीम मौके पर पहुंची तो जेसीबी को रोक दिया गया। फिर एक जेसीबी ऊपर की ओर तो दूसरी नीचे की तरफ वापस भेज दी गई। यही नहीं मौके पर जो हाइडल प्रोजेक्ट एवं लैंको कंपनी के अधिकारी मौजूद थे, वे भी एक-एक करके गायब हो गए। हालांकि संबंधित विभाग लैंड स्लाइडिंग की दलील देते हुए सड़क के बंद हो जाने पर जेसीबी द्वारा रास्ता खुलवाने की बात कह रहा है, परंतु पहाड़ी के सीने पर कटिंग के बाद जेसीबी के पंजों के निशान तथा मिट्टी के साथ नीचे गिरे हरे चीड़ के पेड़ कुछ और ही कहानी ब्यां कर रहे है।

ग्राम पंचायत जिया के प्रधान जौंफी राम ने बताया कि वास्तव में इस जगह पर सड़क का डंगा बैठ गया था, जिस कारण सड़क की चौड़ाई कम रह गई थी, उसके मद्देनजर पहाड़ी को काटा जा रहा है। इस सड़क का प्रयोग लैंको कंपनी द्वारा भी किया जाता है, जिसके तहत बनेर हाइडल प्रोजेक्ट के साथ उनका सड़क के रखरखाव को लेकर एग्रीमेंट हुआ है। यही वजह है कि हाइडल प्रोजेक्ट के अधिकारियों द्वारा लैंको कंपनी की जेसीबी का प्रयोग कर जल्द से जल्द काम निपटाने की कोशिश की जा रही है।

बंद सड़क को खोला जा रहा था : उप्पल

बनेर हाइडल प्रोजेक्ट पावर हाउस जिया के एक्सईएन उप्पल ने कहा कि लैंड स्लाइडिंग से सड़क के बंद हो गई थी। सड़क को खोलने के लिए मलबे को खड्ड में फेंका जा रहा था। न तो पहाड़ी की कटाई की गई और न ही पेड़ों को उखाड़ा जा रहा था। लैंको कंपनी के साथ सड़क में रख-रखाव का एग्रीमेंट है, इसलिए उक्त कंपनी की जेसीबी उपयोग की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द इस सड़क को साफ किया जा सके।

वहीं, लैंको कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर विवेक नाग ने कहा कि हाइडल प्रोजेक्ट के अधिकारियों के साथ सड़क के रख-रखाव को लेकर एग्रीमेंट हुआ है। उन्होंने कहा कि इस कार्य को अंजाम हाइडल प्रोजेक्ट के अधिकारियों द्वारा दिया जा रहा है। मात्र कंपनी की जेसीबी उपयोग करने के चलते वह मौके पर उपस्थित थे।

पेड़ों को नुकसान पहुंचने पर कानूनी कार्रवाई होगी : चंबियाल

जिला वन अधिकारी आरएस चंबियाल ने कहा कि पेड़ उखाड़े जाने की सूचना मिलते ही उन्होंने डिप्टी रेजर को काम रुकवाने के निर्देश जारी कर दिए गए है। यदि पेड़ों को नुकसान पहुंचाया होगा तो संबंधित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अंजाम में लाई जाएगी।

================================

2- थीन बांध में जलस्तर बढ़ने से कूट गांव को खतरा

Source: http://misc1.jag.in2.yahoo.com/news/local/himachalpradesh/4_11_4705881.html
Aug 08, 01:19 am

सैंज : सैंज में 100 मैगावाट परियोजना का टनल टैक्सिंग का कार्य शुरू किया गया है। इसके लिए की गई ब्लास्टिंग से लोगों के घरों को नुक्सान हो रहा है। प्रभावित विस्थापित संघ के प्रधान उत्तम सिंह ने बताया कि टनल का कार्य कर रहे ठेकेदार द्वारा बिना सूचना दिए ब्लास्टिंग की जा रही है जिससे लोगों के घरों को नुक्सान हो रहा है। इस नुक्सान को देखते हुए गांव के ग्रामीणों ने एक ग्रामीण विकास सभा बुलाई। इस सभा द्वारा लोगों की समस्याओं को परियोजना प्रबंधकों को नुक्सान से अवगत करवाने के लिए इस सभा को बुलाया गया। प्रधान उत्तम सिंह ने बताया कि जब तक लोगों को मकानों का मुआवजा नहीं दिया जाता तब तक कोई भी कार्य नहीं करने दिया जाएगा। अगर बिना मुआवजा दिए काम करने की कोशिश की गई तो प्रभावितों को कड़े से कड़ा कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इसका जो भी नुक्सान होगा उसका जिम्मेदार परियोजना प्रबंधक ही होंगे।

================================